महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के बाढ़ ग्रसित लोगों के लिए 11,500 करोड़ रुपयों के राहत पैकेज का ऐलान किया है। इस पैकेज का फायदा ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा। साथ ही कुछ धनराशि बाढ़ से तबाह हुए मूलभूत ढांचे पर भी खर्च की जाएगी।

राज्य मंत्रिमंडल में लिए गए निर्णय के मुताबिक बाढ़ से ग्रसित हर परिवार को 10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी और सीधे उसके खाते में जाएगी। बाढ़ में गिरे मकानों को ठीक करने के लिए हानि का ध्यान रखते हुए 15 हजार से डेढ़ लाख रुपए तक की राशि लोगों को दी जाएगी।

इसी तरह बाढ़ से प्रभावित सभी दुकानदारों को 50 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। ग्रामीण सड़कों, स्कूलों एवं पुराने पुलों, सरकारी बुनियादी ढांचों को ठीक करने पर 2500 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है। आपको बता दें, राज्य एवं केंद्र सरकारें बाढ़ एवं भूस्खलन में मारे गए लोगों के लिए पहले ही कुछ आर्थिक सहायता घोषित कर चुकी हैं।