यूपी के जनपद सम्भल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी अपना अध्यक्ष बनाने में कामयाब रही। भाजपा की प्रत्याशी अनामिका यादव ने 22 वोट पाकर जीत हासिल की वहीं सपा की प्रिया यादव को 13 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। भाजपा की डा0 अनामिका यादव नें 9 मतों से विजय प्राप्त हुई। अपने प्रत्याशी के जीतने की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओ में खुशी का माहौल छा गया।
विदित हो कि सम्भल जनपद को बने लगभग 10 वर्षों का समय हो गया है। जब से जिला पंचायत की सीट पर दो बार सपा का ही कब्जा रहा है। यहां से प्रथम बार समाजवादी पार्टी के गुन्नौर विधान सभा से पूर्व विधायक रामखिलाड़ी यादव की पुत्रवधु प्रिया यादव का कब्जा रहा था। तो दूसरी बार में सपा से समर्थित पूनम का दबदबा रहा। इस बार भाजपा नें इस सीट पर अपना कब्जा जमाया है।
जिला पंचायत चुनाव को लेकर सुबह से ही जिला कलैक्ट्रेट पर भाजपा तथा सपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। वहीं पुलिस प्रशासन भी काफी चुस्त दिखाई दिया। वोटिंग के दौरान भारतीय जनता पार्टी व समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओ में जमकर नोकझोंक भी हुई। दोनों पार्टियों के नेताओं नें एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप भी लगाये। बात इतनी बड़ी की नौबत गाली-गलौज तक पहुंच गई। इस दौरान पुलिस प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गये। लेकिन भरकस प्रयासों के चलते पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
जिसमें पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तीन घंटे चली मतदान की प्रक्रिया में ही सभी 35 वोट पड़ गये। 3 बजे मतगणना शुरू हुई। मतगणना शुरू होने के बाद एक घंटे के अंदर ही रिजल्ट सबके सामने था। जिला सम्भल में जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हथियाने में भाजपा कारगर साबित हुई।
जिला पंचायत सदस्यों की बात करें तो 35 सदस्यों में से 12 सपा समर्थित ,11 भाजपा समर्थित, 4 बसपा समर्थित व 8 निर्दलीयों को चुनकर जनता नें जिला पंचायत सदस्य के पद पर चुना था। चुंकि इस बार बसपा नें जिला पंचायत अध्यक्ष के लिये दाबेदारी नहीं कि तो इस चुनाव में बसपा तथा निर्दलीय सदस्यों ने सपा का खेल बिगाड़ भाजपा का खेल बना दिया। चुनाव के दौरान सपा और भाजपा नेताओं में जमकर हंगामा ओर धक्का मुक्की होती रही। इस दौरान सपा समर्थकों नें भाजपा नेताओं तथा जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुये धरना प्रदर्शन करने का प्रयास किया। तो वहीं जिला प्रशासन की सूझबूझ के चलते चुनाव शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।