दुगड्डा के निकट तीन वर्षीय मासूम बच्ची मारने वाला गुलदार पिंजरे में हुआ कैद, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस.कोटद्वार| पौड़ी जनपद के दुगड्डा ब्लॉक के गांव गोदीबड़ी में चार दिन पूर्व आंगन में खेल रही तीन वर्षीय मासूम माही को गुलदार ने अपना निवाला बना डाला था। इस घटना के बाद ग्रामीणों में काफी रोष था और डर के साए में जीने को मजबूर भी थे, लोग शाम होते ही घरों में दुबकने को मजबूर थे।
जिसके बाद वन मंत्री डॉ हरक सिंह रावत ने भी वन विभाग को पिंजरा लगाकर इस गुलदार को पकड़ने के आदेश दिए थे। वन विभाग ने वन मंत्री के आदेशों का पालन करते हुए तुरंत ही गांव में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगा दिया। देर रात गुलदार वन विभाग द्वारा लगाए गए इस पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पिंजरे में कैद होने के बाद वन विभाग और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।