होली से ठीक पहले कांग्रेसी स्मृति ईरानी को 13 रूपए किलो चीनी का चुनावी वादा याद कराने के लिए सड़कों पर आ गए,अमेठी के मुसाफिरखाना में कांग्रेस के प्रदेश सचिव और पदाधिकारियों ने स्टाल लगाकर लोगों को 13 रूपए किलो चीनी बेचना शुरू कर दिया। इसकी भनक लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसने स्टाल को हटाकर कांग्रेसियों को हिरासत में ले लिया है।

बता दें कि, 2019 के लोकसभा चुनाव में जायस की एक जनसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंच से कहा था कि 6 (मई) तारीख को कमल का बटन दबाओ 13 रूपए किलो चीनी पाओ। लेकिन इसके बाद से आज तक अमेठी के लोगों को इस रेट में चीनी उपलब्ध नही हुई।इसलिये समय-समय पर कांग्रेस इस चुनावी मुद्दे पर स्मृति ईरानी को घेरती भी रही। अब जब होली का त्योहार सिर पर है तो शुक्रवार को कांग्रेसी पुलिस की नाक के नीचे मुसाफिरखाना कोतवाली के ठीक बगल में स्टाल लगाकर 13 रूपए में चीनी बेचने लगे।
अपने स्टाल पर कांग्रेसियों ने एक बैनर लगा रखा था, इस पर लिखा था कि, ‘होली की हार्दिक शुभकामनाएं।’ आगे लिखा गया था, ‘वादा करके जो भुलाएगे, हम आपको ऐसे याद दिलाएंगे।’ फिर लिखा गया अमेठी सांसद स्मृति ईरानी के वादे को याद दिलाने के लिए 13 रूपए किलो चीनी का वितरण। हालांकि कुछ देर बाद पुलिस ने आकर कांग्रेसियों के स्टाल को तितर बितर कर दिया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश सचिव हनुमंत प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि, अमेठी सांसद स्मृति ईरानी ने 13 रूपए किलो चीनी देने का वादा किया था परंतु अभी तक चीनी अमेठी को नही मिली। उनको याद कराने के लिए हम कांग्रेसी 13 रूपए किलो चीनी का वितरण कर रहे थे। पुलिस प्रशासन द्वारा हम लोगों को रोका गया और थाने पर लाकर बैठाया गया है।