हिमाचल प्रदेश में राहुल गांधी की चुनावी रैली में उमड़ा जनसैलाब

हिमाचल प्रदेश। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ये कहते हैं कि उनका परमात्मा से सीधा कनेक्शन है। वो बताएं, प्रभु से कनेक्शन सुबह होता है, शाम को होता है या फिर 24 घंटे। राहुल ने कहा कि मोदी चाहते हैं कि देश उनकी ही बात सुनें। जो वो कहे, वही हो। राहुल गांधी ने मंच पर संविधान (Constitution) की कॉपी लहराते हुए कहा कि भाजपा महापुरुषों व हजारों साल पुरानी सोच पर हमला कर रही है। भाजपा चाहती है कि संविधान को बदल दिया जाए। राहुल गांधी ने कहा कि अगर ये सत्ता में लौटे तो संविधान को बदल देंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री साक्षात्कार करते हैं। चार चमचों को सामने बिठा लेते हैं। सवाल ये पूछा जाता है कि मोदी जी आप आम कैसे खाते हैं। राहुल गांधी ने तकरीबन 30 मिनट के संबोधन में कहा कि कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए कार्य किया। भाजपा के कार्यकर्ता संविधान पर हमला कर रहे हैं। अदानी सहित देश के 22-25 पूंजीपतियों पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि मोदी ने इनका 16 लाख करोड़ का कर्जा माफ कर दिया। पूंजीपतियों ने इस कमाई से विदेशों में चल व अचल संपत्तियां अर्जित की। राहुल गांधी ने कहा कि देश में मोदी, अदानी व मीडिया की साझेदारी चल रही है। जब सेब खरीदना होता है तो दाम गिरा दिए जाते हैं, जब इसे बेचना होता है तो दाम बढ़ जाते हैं। मीडिया पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि क्या आपने हिमाचल के मीडिया में कभी हिमाचल के सेब बागवान या फिर किसान को देखा है। लेकिन अंबानी-अदानी के घर में शादी होगी तो वो हमेशा ही दिखाई देंगी। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बनने पर जुलाई माह से गरीब परिवारों की महिलाओं के खाते में ठकाठक-ठकाठक 8500 रुपए की राशि जाएगी। ये राशि मिलने के बाद मीडिया वाले शोर मचाना शुरू कर देंगे कि आदत को बिगाड़ा जा रहा है तो मीडिया वाले समझ लें कि यदि ऐसा किया तो वो राशि को डबल कर देंगे। राहुल गांधी ने कहा कि 22-25 लोगों को 16 लाख करोड़ बांटे गए, इससे 22 साल तक मनरेगा योजना को चलाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि 8500 रुपए देने के लिए गरीबों की एक लिस्ट बनेगी। इसमें से एक महिला को चुना जाएगा, जिसके खाते में ये राशि डाली जाएगी। 21वीं सदी में पुरुष व स्त्री एक तरह का काम कर रहे हैं, फर्क ये है कि काम से लौटने के बाद महिला अतिरिक्त 8 घंटे काम करती है। हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एक ही हेलीकॉप्टर में राहुल गांधी के साथ पहुंचे थे। इसके अलावा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व सीएम भूपेश बघेल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक अजय सोलंकी, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद परमार, पूर्व विधायक करनेश जंग बहुत सारे लोगों मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश, ब्यूरो रिपोर्ट
समय भारत 24×7