ग़ाज़ियाबाद – मेवाड़ इंस्टिट्यूट में शुरू हुआ जिले का पहला अनोखा गांधी स्टडी सेंटर

गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में नवनिर्मित गांधी स्टडी सेंटर का उद्घाटन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार पद्मश्री राम बहादुर राय ने दीप जलाकर किया। गाजियाबाद में शुरू हुए इस पहले अनोखे सेंटर में गांधी जी से जुड़े साहित्य को संजोकर रखा गया है। इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 153वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 128वीं जयंती पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति कविताओं व अपने विचारों के जरिये महापुरुषों को याद किया। इस मौके पर मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने विद्यार्थियों से कहा कि महात्मा गांधी और शास्त्री जी हमारे देश के अनमोल रत्न हैं। गांधी जी ने स्वतंत्रता आंदोलन को जन आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की तो शास्त्री जी ने अपनी सूझ-बूझ से देश को स्वावलम्बी बनाया। डॉ. गदिया ने कहा कि गांधी जी के सुराज से ही हम आत्मनिर्भर बन सकते हैं। अपने देश के विकास में ही हम सबका विकास निहित है।
उन्होंने महात्मा गांधी व शास्त्री जी के जीवन से जुड़े अनेक प्रसंग सुनाये। उन्होंने बताया कि गांधी जी सम्पन्न परिवार से होने के बावजूद सादा जीवन जिये और आम आदमी की तरह जनता के बीच रहे, इसीलिए उनका आंदोलन जन आंदोलन बना। अंग्रेजों से उन्होंने जनता के बूते स्वाधीनता छीनी। जनता की आवाज बने, तभी गांधी जी राष्ट्रपिता कहलाये। इसी प्रकार साधारण कद-काठी होने के बावजूद शास्त्री जी ने असाधारण कार्य किये। अन्न संकट से देश की जनता को छुटकारा दिलाया। दोनों महापुरुषों का जो सम्मान विदेशों में है, हमारे देश में भी वैसा अगर हो तो हम सच्चे देशभक्त कहलाने के लायक होंगे। कार्यक्रम में यशिका, रिया, विनय, प्रियंका राणा, सीतू पांडेय, आंचल, सुमन गौतम आदि विद्यार्थियों ने नाटक, कविताएं, समूह गान, एकल गान आदि प्रस्तुत कर गांधी जी के स्वच्छता, छुआछूत, अहिंसा के पाठ को दोहराया। विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली। इस मौके पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल, मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह समेत मेवाड़ परिवार के तमाम सदस्य मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ। कुशल संचालन बीएड की छात्राओं अंकिता सिंह एवं मनताशा ने किया।

ब्यूरो रिपोर्ट
समय भारत 24×7