मुंबई के पास अरब सागर में ओएनजीसी के एक पवन हंस हेलिकॉप्टर की आपात लैंडिंग करनी पड़ी। इसमें चालक दल के दो पायलट और सात यात्री सवार थे। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। जानकारी मिलने पर तटरक्षक का जहाज घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया। इसके अलावा अन्य बचाव उपकरण भी मौके के लिए पहुंच गए हैं।
दरअसल, समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक यह हादसा मुंबई के पश्चिम में ऑयल रिग सागर किरन के पास हुआ है। अब तक छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हेलिकॉप्टर ने ऑयल रिग सागर किरन के पास मुंबई समुद्र से 60 नॉटिकल मील पश्चिम में आपात लैंडिंग की है। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक नौ में से छह लोगों को बचा लिया गया है और अन्य को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।

हेलिकॉप्टर में छह ओएनजीसी कर्मी सवार थे और एक कंपनी के लिए काम करने वाले एक ठेकेदार से संबंधित था। फिलहाल जिन परिस्थितियों के कारण आपातकालीन लैंडिंग हुई, वे अभी स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। ओएनजीसी के अरब सागर में कई रिग और प्रतिष्ठान हैं जिनका उपयोग समुद्र तल के नीचे स्थित जलाशयों से तेल और गैस का उत्पादन करने के लिए किया जाता है।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तटरक्षक बल के विमान ने हेलिकॉप्टर सवारों के बचाव के लिए जीवन रक्षक राफ्ट गिराए। ये एमआरसीसी द्वारा स्वीकृत अंतरराष्ट्रीय स्तर के सुरक्षा जाल हैं। बचाव प्रयासों में तटरक्षक बल नौसेना और ओएनजीसी के साथ समन्वय कर रहा है। अब तक छह लोगों को बचा लिया गया है।