जालौन में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने हत्या के मामले में चार वर्षों से फरार चल रही एक ईनामी महिला बदमाश व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस को तमंचा भी बरामद हुआ है। फरार महिला पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
मामला माधौगढ़ थाना क्षेत्र का है जहां वर्ष 2017 में एक युवक का शव नहर में पड़ा मिला था। जिसकी शिनाख्त जनपद बांदा निवासी युवक इमरान के रूप में की गई थी। म्रतक के परिजनों ने अज्ञात लोगों पर हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस को छानबीन में जनपद कानपुर देहात निवासी महिला साधना सिंह व उसके पति द्वारा युवक की हत्या किये जाने के अहम सुराग हाथ लगे थे। तब से पुलिस हत्यारोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने महिला पर 25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। मंगलवार को माधौगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महिला व उसके एक साथी को बस स्टैंड तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद किया है।
मामले का खुलासा करते हुए एएसपी राकेश सिंह ने बताया महिला अपने साथी के साथ भागने की फिराक में थी तभी थाना पुलिस व सर्विलांस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अवैध सम्बन्धो के शक में महिला व उसके पति ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। महिला के विरुद्ध जयपुर में भी हत्या का मामला दर्ज है। महिला का पति फरार चल रहा है। जिसे शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।