बुलन्दशहर के पूर्व एडीएम वित्त की पत्नी ने शिक्षा शास्त्र विषय में प्राप्त की पीएचडी की उपाधि

बुलन्दशहर। जनपद बुलन्दशहर के राजकीय इंटर कॉलेज खेतलपुर भसरोली में अध्यापन का कार्य कर रही ऋचा त्रिपाठी ने शिक्षा शास्त्र विषय में पीएचडी की उपाधि हांसिल की है। ऋचा त्रिपाठी के पति विवेक कुमार मिश्र पूर्व में बुलन्दशहर के वित्त एवं राजस्व विभाग के अपर जिलाधिकारी रह चुके हैं। ऋचा त्रिपाठी शोभित विश्वविद्यालय मेरठ के स्कूल ऑफ एजुकेशन की शोध छात्रा रहीं हैं। उन्होंने अपने करियर में शुरुआत से ही कई प्रकार की बुलंदियों को छुआ और अपने दम पर बुलंदियों का परचम लहराकर आगे बढ़ती रहीं। इसके अतिरिक्त वह डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से पर्यावरण विज्ञान में एमएससी की गोल्ड मेडलिस्ट भी रह चुकी हैं। फिलहाल जनपद बुलन्दशहर के खेतलपुर भैंसरोली में राजकीय इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान विषय का अध्यापन कार्य कर रही हैं। उनकी योजना अपने शोध विषय को विश्वविद्यालयीय शिक्षा के लिए एक पुस्तक के रूप में अच्छे प्रकाशक से प्रकाशित कराना है। वह शुरुआत से ही मेधावी छात्रा रही हैं। वर्तमान में उनके पति विवेक कुमार मिश्र जनपद गाजियाबाद में तैनात हैं। इस मौके पर ऋचा त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें यह उपलब्धि प्रोफेसर डॉक्टर सुरक्षा बंसल के निर्देशन में श्रीरामचरितमानस में ‘शिक्षा एक समीक्षात्मक अध्ययन’ विषय पर शिक्षा शास्त्र विषय से शोध कार्य में हांसिल हुई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र, उपकुलपति प्रोफेसर जयानन्द, शोध निर्देशिका डॉक्टर सुरक्षा बंसल, अपने पति, माता-पिता, सास-ससुर, सहयोगी कु.चारु एवं परिवार के समस्त सदस्यों तथा विभाग के समस्त शिक्षकों को दिया है। ऋचा त्रिपाठी को 28 जून को महामहिम पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शोभित विश्वविद्यालय में प्रमाण पत्र प्रदान करेंगे। उनकी इस कामयाबी पर उन्हें बंधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

ब्यूरो रिपोर्ट
समय भारत 24×7